पब्लिक फर्स्ट। श्रीनगर । ब्यूरो ।
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों को आतंकवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन ‘अलख’ के तहत चलाए गए एक विशेष अभियान में दो आतंकवादियों को मार गिराया गया। इनमें से एक आतंकी हाल ही में पहलगाम हमले के बाद जारी की गई 14 मोस्ट वांटेड आतंकियों की सूची में शामिल था।
भारतीय सेना की चिनार कोर ने जानकारी दी कि खुफिया इनपुट के आधार पर कुलगाम के एक इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया गया। इसी दौरान आतंकियों ने फायरिंग शुरू की और जवाबी कार्रवाई में दोनों मारे गए। इस पूरे ऑपरेशन में सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF ने संयुक्त रूप से भाग लिया।
इस कार्रवाई को राज्य सरकार और केंद्र सरकार की आतंकवाद विरोधी नीति के तहत एक प्रमुख उपलब्धि माना जा रहा है। सुरक्षाबलों की तत्परता और कुशल रणनीति से न सिर्फ दो आतंकियों को ढेर किया गया, बल्कि इलाके में सुरक्षा भी सुदृढ़ हुई है।
अब पूरे कुलगाम और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षाबल तैनात कर दिए गए हैं ताकि कोई और आतंकी संगठन फिर से संगठित न हो सके।
