जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की एक गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा कदवा से बसंतगढ़ मार्ग पर हुआ, जिसमें 187वीं बटालियन के 23 जवान सवार थे।
इस दुर्घटना में तीन जवान शहीद हो गए, जबकि 5 जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है। अन्य जवानों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों को उन्नत इलाज के लिए आर्मी हॉस्पिटल रेफर किया गया है।
तत्काल बचाव कार्य शुरू
स्थानीय पुलिस, प्रशासन और सुरक्षाबलों ने तेजी से बचाव अभियान शुरू किया। स्थानीय ग्रामीणों ने भी जवानों को निकालने में मदद की। राहत व बचाव कार्य पूरा होने के बाद गाड़ी को बाहर निकालने का प्रयास भी जारी है।
प्रतिक्रियाएं
उधमपुर के सांसद और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने हादसे पर गहरा दुःख जताते हुए कहा कि उन्होंने प्रशासन को हरसंभव सहायता के निर्देश दिए हैं।
राज्यपाल मनोज सिन्हा और CRPF के शीर्ष अधिकारियों ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया और शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी।
