मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक भवन, लखनऊ में उच्चस्तरीय अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश-2047 विजन डॉक्यूमेंट’ की तैयारी, बाढ़ राहत कार्यों, रक्षाबंधन पर निःशुल्क बस सेवा और आगामी विधानमंडल सत्र के लिए दिशा-निर्देश जारी किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विजन डॉक्यूमेंट उत्तर प्रदेश के भविष्य की दिशा और दशा तय करने वाला रोड़मैप होगा। इसमें आने वाले वर्षों के विकास लक्ष्यों को स्पष्ट रूप से निर्धारित कर उनकी क्रियान्वयन रणनीति तय की जाएगी। इसमें ग्रामीण विकास, औद्योगिक प्रगति, कृषि, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, आधारभूत संरचना, पर्यटन और तकनीकी उन्नयन जैसे सभी क्षेत्रों को समावेश किया जाएगा।
विजन-2047 पर व्यापक चर्चा
सीएम योगी ने बताया कि विधानमण्डल के आगामी सत्र में ‘विजन डॉक्यूमेंट-2047’ पर 24 घंटे की विशेष चर्चा होगी। इसके लिए प्रत्येक विभाग को अपने पिछले आठ वर्षों के कार्यों का सारगर्भित व संक्षिप्त नोट तैयार करना होगा। विभागीय मंत्री इस नोट के माध्यम से जनता को अपने कार्यों का लेखा-जोखा देंगे।
उन्होंने निर्देश दिया कि विधायकों के प्रश्नों के उत्तर तार्किक, गुणवत्तापूर्ण और अपेक्षानुसार हों, और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी स्वयं इनका मूल्यांकन करें।
जनभागीदारी और QR कोड पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विजन डॉक्यूमेंट में जनता की अपेक्षाओं को शामिल किया जाएगा। इसके लिए शीघ्र ही QR कोड जारी किए जाएंगे, जिन्हें सरकारी कार्यालयों, पंचायत भवनों, अस्पतालों, बस अड्डों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लगाया जाएगा, ताकि आमजन सीधे अपने सुझाव भेज सकें।
बाढ़ राहत कार्यों पर कड़ा रुख
बैठक में मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित जिलों में 24×7 सक्रिय कंट्रोल रूम रखने, हर प्रभावित व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण व पर्याप्त राहत सामग्री पहुँचाने, नौकाओं की व्यवस्था और स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिनके मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें ग्रामीण आवास योजना में प्राथमिकता दी जाएगी।
रक्षाबंधन पर निःशुल्क बस सेवा
प्रदेश सरकार ने इस वर्ष भी रक्षाबंधन के अवसर पर 8 अगस्त सुबह से 10 अगस्त रात 12 बजे तक UPSRTC व नगरीय बस सेवा की बसों में माताओं-बहनों को मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का निर्णय लिया है।
परिवहन विभाग को पर्याप्त संख्या में बसों का संचालन सुनिश्चित करने और RTO/ARTO अधिकारियों को फील्ड में उतरकर व्यवस्था देखने के निर्देश दिए गए, ताकि कहीं भी ट्रैफिक जाम की स्थिति न बने।
त्योहार और कानून व्यवस्था
सीएम योगी ने रक्षाबंधन, स्वतंत्रता दिवस और अन्य त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिए। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती और ड्रोन से निगरानी करने को कहा गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “उत्तर प्रदेश को ‘उत्तम प्रदेश’ बनाने की इस यात्रा में आमजन की सहभागिता आवश्यक है”।
publicfirstnews.com
