मध्यप्रदेश में आज 79वां स्वतंत्रता दिवस गरिमामय माहौल और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, परेड का निरीक्षण किया और प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

समारोह में प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

परेड में सशस्त्र बलों ने अनुशासन और शौर्य का प्रदर्शन किया। तीन चरणों में हर्ष फायर किया गया, जबकि पुलिस बैंड ने जन-गण-मन और देशभक्ति गीतों के माध्यम से वातावरण को और भी भावनात्मक व गरिमामय बना दिया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता संग्राम के महान शहीदों को नमन करते हुए कहा कि आज का दिन न केवल गर्व का, बल्कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प का भी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल फॉर ग्लोबल’ के संदेश को दोहराते हुए स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की अपील की।

अपने भाषण में डॉ. यादव ने प्रदेश की सामाजिक-आर्थिक प्रगति की झलक प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि बीते वर्ष में बजट में उल्लेखनीय वृद्धि, रोजगार सृजन, कौशल विकास, स्वच्छता, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का व्यापक विस्तार हुआ है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुलिस, जेल और होमगार्ड विभाग के उत्कृष्ट अधिकारियों को वीरता और विशिष्ट सेवा पदकों से सम्मानित किया। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, खेलों में खिलाड़ियों की उपलब्धियों, आधुनिक परिवहन और एयर कनेक्टिविटी के क्षेत्र में हुई प्रगति का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने देशभक्ति की भावना को और प्रगाढ़ किया। स्वतंत्रता दिवस का यह अवसर मध्यप्रदेश के लिए विकास, समृद्धि और राष्ट्रीय एकता का मजबूत संदेश लेकर आया।

pblicfirstnews.com

Share.

Comments are closed.

Secret Link