पब्लिक फर्स्ट। उत्तराखंड। ब्यूरो।
मुख्य बिंदु
- चमोली (उत्तराखंड) में बादल फटने से 6 घर दबे, 7 लापता
- 2 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया
- दो दिनों में राज्य में दूसरी घटना, मसूरी में 2500 टूरिस्ट फंसे
- हिमाचल प्रदेश में अब तक 419 मौतें
- अगले 48 घंटे के लिए उत्तराखंड-हिमाचल हाई अलर्ट
- बंगाल की खाड़ी से बने सिस्टम से 25-26 सितंबर को तेज बारिश की आशंका
उत्तराखंड के चमोली जिले के नंदानगर घाट में 17 सितंबर की रात बादल फटने से बड़ी तबाही मच गई। कुंटरी लंगाफली वार्ड में छह घर मलबे में दब गए और 7 लोग लापता हो गए हैं। इस हादसे में राहत-बचाव दल ने अब तक 2 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया है।
यह राज्य में दो दिनों में दूसरी बड़ी घटना है। 16 सितंबर को देहरादून में बादल फटने से देहरादून-मसूरी रोड क्षतिग्रस्त हो गई थी और मसूरी में करीब 2500 पर्यटक फंस गए थे।
हिमाचल प्रदेश भी इस बार बारिश और प्राकृतिक आपदाओं से बुरी तरह प्रभावित हुआ है। राज्य में इस वर्ष बारिश, बाढ़, लैंडस्लाइड और अचानक आई बाढ़ से 419 लोगों की मौत हो चुकी है।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश को अगले 48 घंटे के लिए हाई अलर्ट पर रखा है। ताजा रिपोर्ट में कहा गया है कि उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में बारिश और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। साथ ही, बादल फटने की घटनाओं की चेतावनी भी जारी की गई है।
मानसून की स्थिति
देश में मानसून 24 मई को केरल पहुंचा था और अब तक पूरे देश में सामान्य से 8% अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।
- राजस्थान (पश्चिम), पंजाब, हरियाणा में मॉनसून की विदाई शुरू हो चुकी है।
- बंगाल की खाड़ी में बन रहे लो-प्रेशर सिस्टम से 25–26 सितंबर के आसपास मध्य भारत, पूर्वी यूपी, बिहार, बंगाल, ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ में तीव्र बारिश की आशंका है।
- कुछ जगहों पर 3 इंच तक बारिश दर्ज हो सकती है।
