नववर्ष और अमरत्व परंपरा के क्रम में स्मृतिशेष विनोद कुमार पंडित सिंह की जन्म जयंती के अवसर पर नगर स्थित सूरज होटल के प्रांगण में पत्रकार बंधु सम्मान समागम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद सहित जनपद के बाहर कार्यरत पत्रकार साथियों को सम्मानित किया गया और पंडित सिंह जी के जीवन एवं कार्यशैली पर आधारित गोष्ठी का आयोजन भी हुआ।

कार्यक्रम का आयोजन सूरज सिंह द्वारा किया गया, जिसमें पत्रकारिता जगत से जुड़े अनेक वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान पंडित सिंह जी के जीवन, उनके सामाजिक योगदान और पत्रकारिता के प्रति उनके दृष्टिकोण पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने अपने-अपने अनुभव साझा करते हुए उनके जीवन से जुड़े कई प्रेरक प्रसंगों को याद किया।

सम्मान समारोह में पत्रकारों के कार्य, उनकी कार्यशैली और पत्रकारिता के मूल्यों को दर्शाने वाले कटआउट लगाए गए थे। साथ ही पत्रकारिता जीवन की चुनौतियों और जिम्मेदारियों पर भी प्रकाश डाला गया। होटल परिसर में स्मृतिशेष पंडित सिंह जी के जीवन पर आधारित होर्डिंग और बैनर भी लगाए गए, जो आकर्षण का केंद्र रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत पंडित सिंह जी के पुत्र एवं सदर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सूरज सिंह द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ की गई। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी पत्रकारों और गणमान्य अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पत्रकार साथियों को स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में पत्रकार साथियों के साथ-साथ देवेंद्र सिंह, मनोज सिंह, संजय साहू, अफजल खान, शिव संपत सिंह, किसलय तिवारी, शुभी कक्कड़, सचिन सिंह, राम आशीष, विनय सिंह, रीना तिवारी, विक्कू, विशाल गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इसके अलावा कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों के लिए क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें पत्रकार साथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह आयोजन न केवल सम्मान का प्रतीक रहा, बल्कि आपसी संवाद और सौहार्द को भी मजबूती देने वाला सिद्ध हुआ।

कार्यक्रम का समापन स्मृतिशेष पंडित सिंह के व्यक्तित्व और कृतित्व को नमन करते हुए किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने उनके जीवन से प्रेरणा लेने और पत्रकारिता के मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply