खराब मौसम और भारी बर्फ़बारी के बीच नॉर्दर्न रेलवे के जम्मू डिवीज़न ने यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए श्री माता वैष्णो देवी कटरा और श्रीनगर के बीच स्पेशल रिज़र्व ट्रेन का सफल संचालन किया। इस पहल से सैकड़ों यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का विकल्प मिला।
जम्मू डिवीज़न द्वारा चलाई गई स्पेशल रिज़र्व ट्रेन संख्या 04627 आज सुबह 8:10 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटरा से श्रीनगर के लिए रवाना हुई। इस ट्रेन में 650 से अधिक यात्रियों ने सफर किया। खराब मौसम के कारण जब सड़क और हवाई यातायात प्रभावित था, तब रेलवे यात्रियों के लिए एकमात्र भरोसेमंद साधन बनकर सामने आया।
यात्रियों ने स्पेशल ट्रेन चलाने के लिए रेलवे का आभार जताते हुए कहा कि जम्मू डिवीज़न कठिन परिस्थितियों में भी समय-समय पर विशेष ट्रेनों का संचालन कर यात्रियों को बेहतर विकल्प देता है।
वहीं, वापसी में स्पेशल रिज़र्व ट्रेन संख्या 04628 ने आज दोपहर 2 बजे श्रीनगर से श्री माता वैष्णो देवी कटरा के लिए प्रस्थान किया। इस ट्रेन में 700 से अधिक यात्रियों ने यात्रा की। श्रीनगर से कटरा जा रहे यात्रियों और कश्मीर आए पर्यटकों ने रेलवे की इस पहल की सराहना करते हुए इसे सुरक्षित, आरामदायक और समयबद्ध बताया।
स्पेशल ट्रेन के सफल संचालन पर प्रतिक्रिया देते हुए सीनियर डिविजनल कमर्शियल मैनेजर श्री उचित सिंघल ने कहा—
“खराब मौसम के बावजूद इस स्पेशल रिज़र्व ट्रेन ने श्री माता वैष्णो देवी कटरा और कश्मीर घाटी के बीच कनेक्टिविटी को सुचारु बनाए रखा। ट्रेन ने 100 प्रतिशत से अधिक ऑक्यूपेंसी के साथ संचालन किया। जब सड़क और हवाई यातायात बाधित था, तब यह सेवा यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी साबित हुई। बर्फ़बारी के मौसम में कश्मीर आने वाले पर्यटकों के लिए यह एक सुरक्षित और भरोसेमंद यात्रा विकल्प है।”
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ऐसी विशेष सेवाएं भविष्य में भी यात्रियों की सुविधा और पर्यटन को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएंगी।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
