उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में अल सुबह होने वाली प्रातःकालीन भस्म आरती में केंद्रीय रेल एवं जल शक्ति राज्य मंत्री श्री वी. सोमन्ना अपनी पत्नी एवं परिवार के साथ शामिल हुए।
केंद्रीय मंत्री ने नंदी हाल में बैठकर बाबा महाकाल की पंचामृत अभिषेक से लेकर पावन भस्म आरती तक विधिवत दर्शन लाभ प्राप्त किया।

भस्म आरती के दौरान केंद्रीय मंत्री वी. सोमन्ना पूरे परिवार के साथ बाबा महाकाल की भक्ति में लीन नजर आए। नंदी हाल में बैठकर उन्होंने शांत भाव से भगवान महाकाल की आराधना की। आरती संपन्न होने के पश्चात उन्होंने गर्भगृह की चौखट से पूजन-अर्चन किया। मंदिर के पुजारियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा संपन्न कराई गई।

श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से केंद्रीय मंत्री वी. सोमन्ना का पारंपरिक सम्मान किया गया। समिति के पदाधिकारियों द्वारा उन्हें दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

दर्शन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री वी. सोमन्ना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देशभर में बड़े विकास कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का फोकस धार्मिक पर्यटन, आधारभूत संरचना और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने पर है।

केंद्रीय मंत्री ने आगामी सिंहस्थ 2028 को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में होने वाले सिंहस्थ महापर्व को ध्यान में रखते हुए रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधाओं के लिए कई बड़े कार्य किए जा रहे हैं। रेलवे का उद्देश्य है कि सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं को प्रयागराज कुंभ की तर्ज पर बेहतर परिवहन, कनेक्टिविटी और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

उन्होंने कहा कि रेलवे और जल शक्ति मंत्रालय मिलकर आने वाले समय में धार्मिक स्थलों से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर को और मजबूत करेंगे, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।

केंद्रीय मंत्री वी. सोमन्ना का यह दौरा धार्मिक आस्था के साथ-साथ विकास योजनाओं को लेकर भी अहम माना जा रहा है।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply