जालौन पुलिस ने अवैध खनन और अवैध परिवहन को बढ़ावा देने वाले एक संगठित लोकेशन गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह गिरोह खनिज और परिवहन विभाग के अधिकारियों की गतिविधियों पर नजर रखकर उनकी लोकेशन अवैध खनन से जुड़े लोगों तक पहुंचाता था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी एआरटीओ राजेश कुमार वर्मा एवं खान निरीक्षक की मूवमेंट की लगातार रेकी करते थे। जैसे ही अधिकारी जांच या कार्रवाई के लिए निकलते, गिरोह के सदस्य उनकी लोकेशन तुरंत अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त लोगों को साझा कर देते थे, जिससे वे समय रहते मौके से फरार हो जाते थे।

इस मामले में एआरटीओ और खान निरीक्षक की तहरीर पर उरई कोतवाली में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राठ रोड स्थित उरई कोतवाली क्षेत्र से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अधिकारियों की लोकेशन साझा करते थे और इसके बदले उन्हें आर्थिक लाभ मिलता था। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह की गतिविधियों के कारण सरकारी कार्यों में गंभीर बाधा उत्पन्न हो रही थी और अवैध खनन कारोबार को संरक्षण मिल रहा था।

चारों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा किन-किन अवैध खनन कारोबारियों को सूचनाएं दी जा रही थीं।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply