भारत सरकार के नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) द्वारा बिलासपुर एयरपोर्ट को 3C-VFR श्रेणी से 3C-ऑल वेदर ऑपरेशन (IFR) श्रेणी में अपग्रेड किए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस महत्वपूर्ण निर्णय को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरगामी कदम बताया है।

सभी मौसमों में संभव होगा विमान संचालन

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि ऑल वेदर ऑपरेशन की स्वीकृति मिलने के बाद अब बिलासपुर एयरपोर्ट पर सभी मौसमों में विमान संचालन संभव हो सकेगा। इससे क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी और यात्रियों को अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय एवं सुविधाजनक हवाई सेवाएं उपलब्ध होंगी।

व्यापार, उद्योग और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सुविधा से बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापार, उद्योग और पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेहतर हवाई संपर्क औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित करेगा और इसके माध्यम से प्रदेश में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री किंजरापु राममोहन नायडू के प्रति प्रदेश की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ में आधुनिक बुनियादी ढांचे का तेज़ी से विस्तार हो रहा है।

राष्ट्रीय विमानन मानचित्र पर और मजबूत होगा छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि बिलासपुर एयरपोर्ट को ऑल वेदर ऑपरेशन की स्वीकृति मिलने से न केवल बिलासपुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास की नई दिशा मिलेगी और राज्य राष्ट्रीय विमानन मानचित्र पर और अधिक सशक्त रूप में उभरेगा।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply