जनपद बाराबंकी के भिलवल त्रिवेदीगंज क्षेत्र में नवनिर्मित मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम धार्मिक विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धा एवं भक्ति भाव में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह मुख्य यजमान के रूप में शामिल हुए और विधि-विधान से भगवान के विग्रहों की पूजा-अर्चना की।

विकास के साथ संस्कृति के संरक्षण पर सरकार का जोर

प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि सरकार विकास के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति हमारी पहचान है और इसके संरक्षण में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

अयोध्या से देशभर में मिल रही सांस्कृतिक प्रेरणा

मंत्री ने अयोध्या में नवनिर्मित भगवान श्रीराम मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु वहां दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे न केवल आस्था मजबूत हो रही है, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्यटन से क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिली है।

एकजुट होकर संस्कृति की रक्षा का आह्वान

अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि इतिहास गवाह है कि विदेशी आक्रांताओं ने सनातन संस्कृति को मिटाने के प्रयास में सबसे पहले मंदिरों को निशाना बनाया था। उन्होंने कहा कि इतिहास से सीख लेते हुए आज हमें एकजुट होकर अपनी संस्कृति और विरासत की रक्षा करनी होगी।

प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, आस्था और उत्साह का माहौल बना रहा।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.

Comments are closed.

Secret Link