महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायगढ़ प्रवास के दौरान देर रात्रि ग्राम कोसमनारा स्थित श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ एवं श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा की विधिवत पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना करते हुए पूरे प्रदेश को महाशिवरात्रि पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने जिला खनिज न्यास (DMF) मद से 1 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया। प्रस्तावित कार्यों में मुख्य भवन के सामने ग्रेनाइट फर्श एवं शेड निर्माण, श्रद्धालुओं के विश्राम व भोजन हेतु शेड निर्माण, शौचालय परिसर भवन का निर्माण तथा पार्किंग क्षेत्र में सीमेंट कांक्रीट सड़क निर्माण शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कार्यों से बाबा धाम आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और सुगम सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि कोसमनारा स्थित यह बाबा धाम श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा समाज को सकारात्मक दिशा और आत्मबल प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गुरुजनों के आशीर्वाद और जनता के विश्वास के साथ जनकल्याण के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रही है।

उल्लेखनीय है कि रायगढ़ जिला मुख्यालय से लगभग 7 किलोमीटर दूर स्थित यह धाम वर्षों से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा एवं भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। स्थानीय जनश्रुति के अनुसार, श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा वर्ष 1998 से कठोर तपस्या में लीन हैं। वर्ष 2003 में उन्हें ‘श्री श्री 108’ की उपाधि प्राप्त हुई, जिसके पश्चात धाम की ख्याति और अधिक बढ़ी।

बताया जाता है कि बाबा ने पत्थरों को एकत्र कर शिवलिंग का स्वरूप निर्मित किया और उसी स्थान को अपनी तपोभूमि बनाया। वर्षा, ग्रीष्म और शीत—तीनों ऋतुओं में खुले स्थान पर रहकर भगवान भोलेनाथ की साधना करना उनकी तपस्या की विशेष पहचान रही है।

इस अवसर पर महापौर श्री जीवर्धन चौहान, नगर निगम सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, सरपंच एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। साथ ही कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन कार्यक्रम में शामिल हुए।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply