रायपुर से बड़ी खबर…

माओवाद की विचारधारा को छोड़कर संविधान की राह अपनाने वाले 120 पुनर्वासित युवाओं का दल आज छत्तीसगढ़ विधानसभा में पहुंचा। युवाओं ने सदन की कार्यवाही का प्रत्यक्ष अवलोकन किया और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की कार्यप्रणाली को करीब से समझा।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने सभी का ‘जय जोहार’ के साथ स्वागत किया और कहा कि राज्य सरकार पुनर्वासित युवाओं की सुरक्षा, सम्मान और मुख्यधारा में सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने युवाओं को शिक्षा, स्वरोजगार और शासन की विभिन्न योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि जो युवा ‘गन’तंत्र का रास्ता छोड़कर गणतंत्र की मुख्यधारा में लौटे हैं, उनका राज्य सरकार हृदय से स्वागत करती है। उन्होंने युवाओं को संविधान के मार्ग पर चलने और समाज में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी, वन मंत्री श्री केदार कश्यप, स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव, संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा और स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी युवाओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।

पुनर्वासित युवाओं ने संकल्प व्यक्त किया कि वे अब संविधान और कानून के दायरे में रहकर समाज और राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। 120 सदस्यीय इस दल में 66 पुरुष और 54 महिला प्रतिभागी शामिल हैं, जो तीन दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण के तहत रायपुर पहुंचे हैं।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.

Comments are closed.

Secret Link