छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से आयोजित 6 दिवसीय विशेष फेम (FAM) ट्रिप सफलतापूर्वक संपन्न हो गई है। 13 से 18 मार्च तक आयोजित इस पहल का उद्देश्य राज्य के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना और पर्यटन को आर्थिक विकास के प्रमुख साधन के रूप में स्थापित करना था।
इस फेम ट्रिप में देशभर से लगभग 30 टूर ऑपरेटर और ट्रैवल एजेंट्स ने भाग लिया। प्रतिभागियों को दो समूहों में विभाजित कर उत्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया गया, जिससे उन्हें राज्य की विविध प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहर का प्रत्यक्ष अनुभव मिला।
उत्तर छत्तीसगढ़ में अंबिकापुर, मैनपाट, रामगढ़ और जशपुर की प्राकृतिक सुंदरता और इको-टूरिज्म संभावनाओं को प्रदर्शित किया गया। वहीं दक्षिण छत्तीसगढ़ में कांगेर घाटी, कोंडागांव, जगदलपुर, चित्रकोट, दंतेवाड़ा और बारसूर जैसे क्षेत्रों में बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहर और प्राकृतिक वैभव को करीब से दिखाया गया।
इस दौरान विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात प्रतिभागियों के आकर्षण का केंद्र रहा, जहां उन्होंने बोटिंग के साथ अद्भुत प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया। इसके अलावा प्राचीन मंदिरों के दर्शन, स्थानीय हाट-बाजारों का भ्रमण और जनजातीय जीवनशैली से परिचय ने इस यात्रा को और खास बना दिया।
ऐतिहासिक नगरी बारसूर के प्राचीन मंदिरों और गणेश प्रतिमाओं ने राज्य की सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत की। साथ ही प्रतिभागियों ने प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर पर्यटन सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर जानकारी भी हासिल की।
इस पहल का सबसे बड़ा सकारात्मक प्रभाव यह माना जा रहा है कि शामिल टूर ऑपरेटर अपने-अपने राज्यों में छत्तीसगढ़ को एक उभरते पर्यटन गंतव्य के रूप में प्रमोट करेंगे। इससे राज्य में पर्यटकों की संख्या बढ़ने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों में वृद्धि की संभावना है।
समापन समारोह में पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा और प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने प्रतिभागियों से छत्तीसगढ़ को देशभर में बढ़ावा देने की अपील की।
प्रतिभागियों ने छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विविधता और आतिथ्य की सराहना करते हुए इसे “हिडन जेम” बताया और भविष्य में अधिक पर्यटकों को यहां लाने का भरोसा जताया।
यह 6 दिवसीय फेम ट्रिप छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
