मध्यप्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने और औद्योगिक विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादवआज जयपुर में आयोजित एक महत्वपूर्ण इंटरैक्टिव सेशन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में राजस्थान के प्रमुख औद्योगिक संगठन, उद्योगपति और निवेशक भाग लेंगे, जहां राज्य में निवेश की संभावनाओं को विस्तार से प्रस्तुत किया जाएगा।

इस दौरान कृषि, फूड प्रोसेसिंग, डेयरी, टेक्सटाइल, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिकल, नवीकरणीय ऊर्जा, माइनिंग और पर्यटन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में निवेश अवसरों पर विशेष फोकस रहेगा। कार्यक्रम में ऑडियो-विजुअल प्रेजेंटेशन और विस्तृत प्रस्तुतियों के जरिए मध्यप्रदेश की औद्योगिक क्षमता, अधोसंरचना और उद्योग-अनुकूल नीतियों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही निवेशकों को विकसित लैंड बैंक, मजबूत लॉजिस्टिक कनेक्टिविटी, सिंगल विंडो सिस्टम, त्वरित अनुमोदन प्रक्रिया और विशेष प्रोत्साहन पैकेज जैसी सुविधाओं से अवगत कराया जाएगा।

इस आयोजन की खास बात यह है कि मुख्यमंत्री उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन मीटिंग्स भी करेंगे, जहां संभावित निवेश प्रस्तावों पर सीधा संवाद और विस्तृत चर्चा होगी। कार्यक्रम का उद्देश्य जयपुर और आसपास के निवेशकों को मध्यप्रदेश में निवेश के लिए आकर्षित करना, उद्योग-सरकार के बीच संवाद को मजबूत करना और नए अवसरों का निर्माण करना है। इस कार्यक्रम में 90 से अधिक औद्योगिक संगठनों की भागीदारी और 400 से ज्यादा प्रतिभागियों की उपस्थिति की संभावना जताई जा रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले भीलवाड़ा में टेक्सटाइल सेक्टर के लिए आयोजित इंटरैक्टिव सेशन सफल रहा था और जयपुर का यह आयोजन उसी श्रृंखला का अगला चरण है। माना जा रहा है कि इस रोड शो से मध्यप्रदेश में नए निवेश प्रस्तावों को बढ़ावा मिलेगा, औद्योगिक गतिविधियों में तेजी आएगी और राज्य देश के प्रमुख निवेश केंद्र के रूप में अपनी पहचान और मजबूत करेगा।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply