वाराणसी जनपद के पिंडरा ब्लॉक में स्थित ग्राम सभा रसूलपुर आज अपने उत्कृष्ट विकास कार्यों और सशक्त पंचायत मॉडल के कारण चर्चा का विषय बना हुआ है। यह ग्राम सभा ग्रामीण विकास और सुंदरीकरण का एक आदर्श उदाहरण बनकर उभरी है।

ग्राम प्रधान कैलाश यादव के नेतृत्व में यहां एक आधुनिक ग्राम सचिवालय का निर्माण किया गया है, जहां मीटिंग हॉल, हॉस्पिटल, लाइब्रेरी, सचिवालय कार्यालय और रोजगार सेवक जैसी सभी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध हैं। उनके इस उल्लेखनीय कार्य के लिए उन्हें राष्ट्रपति पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।

ग्राम विकास को आगे बढ़ाते हुए, प्रधान द्वारा सचिवालय के पास शादी-विवाह के लिए मैरिज हॉल का निर्माण भी कराया गया है, जिससे ग्रामीणों को बड़ी सुविधा मिली है। इसके अलावा, गांव में विकसित किया गया अमृत सरोवर भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

रसूलपुर ग्राम सभा की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब तक यहां दो दर्जन से अधिक IAS अधिकारी और कई वरिष्ठ अधिकारी भ्रमण कर चुके हैं। प्रमुख सचिव से लेकर अन्य राज्यों के प्रतिनिधि भी इस मॉडल को देखने और समझने के लिए यहां आते हैं।

सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) के अनुसार, समय-समय पर उच्च अधिकारियों द्वारा वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाती है, जिसका उपयोग गांव के विकास कार्यों में किया जाता है।

ग्राम प्रधान कैलाश यादव को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए लखनऊ में कई बार सम्मानित किया जा चुका है। आज रसूलपुर ग्राम सभा पूरे प्रदेश में ग्राम विकास, सुंदरीकरण और जनसुविधाओं के मॉडल के रूप में पहचानी जा रही है।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply