राजनांदगांव: देश में बढ़ती महंगाई को लेकर सियासत तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राजनांदगांव में आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्र की मोदी सरकार पर आर्थिक कुप्रबंधन और कूटनीतिक विफलता के गंभीर आरोप लगाए हैं।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सरकार की गलत नीतियों के चलते आम आदमी पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। हाल ही में कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 195 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जबकि पिछले तीन महीनों में ही इसमें 525 रुपये तक का इजाफा हो चुका है।

किचन बजट पर बढ़ा दबाव

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी से आम परिवारों का किचन बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। तंज कसते हुए पार्टी ने कहा कि जो सिलेंडर कभी 400 रुपये में महंगा लगता था, वह आज 900 से 1000 रुपये तक पहुंच गया है।

पेट्रोल-डीजल और जरूरी सामान भी महंगे

पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर भी सरकार घिरी हुई है। कांग्रेस का कहना है कि एक्साइज ड्यूटी में कटौती के दावों के बावजूद कई राज्यों में ईंधन के दाम फिर बढ़ गए हैं।

इसके साथ ही खाद्य तेल, दूध और राशन सामग्री जैसी रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतें भी लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है।

सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि जहां आम जनता महंगाई से जूझ रही है, वहीं सरकार पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने में लगी हुई है।

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल का हवाला देते हुए पार्टी ने कहा कि मनरेगा जैसी योजनाओं को कमजोर किया जा रहा है, जिससे गरीबों के रोजगार पर असर पड़ रहा है।

कांग्रेस ने दावा किया कि देश में आर्थिक असमानता तेजी से बढ़ रही है और आम आदमी का जीवन स्तर लगातार गिर रहा है। रेलवे टिकट से लेकर स्कूल-कॉलेज की फीस तक, हर क्षेत्र में महंगाई का असर दिखाई दे रहा है।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply