धमतरी जिले के नगरी में भाजपा के भीतर चल रहा अंतर्विरोध अब सार्वजनिक रूप से सामने आया है। पूर्व विधायक पिंकी शिवराज शाह के खिलाफ कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है।

मामला वार्ड क्रमांक 9 और 10 में बनने वाले सामुदायिक भवन से जुड़ा है। भूमि पूजन के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है, जिसको लेकर कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। उनका आरोप है कि पूर्व विधायक के दबाव में निर्माण कार्य को रोका गया।

सिर्फ इतना ही नहीं, कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक पर शासकीय आवास के उपयोग को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि पद पर न होने के बावजूद सरकारी आवास में गार्ड का निवास जारी है।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पिंकी शिवराज शाह के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और 10 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि अगर सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य जल्द शुरू नहीं हुआ, तो वे सामूहिक रूप से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देंगे और उग्र आंदोलन करेंगे।

वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष प्रकाश बैंस ने इसे पार्टी का आंतरिक मामला बताया और कहा कि नाराज कार्यकर्ताओं को मनाया जाएगा और जल्द समाधान निकाला जाएगा।

इस घटनाक्रम ने भाजपा के भीतर चल रहे अंतर्विरोध को उजागर किया है। अब देखना होगा कि 10 दिन के अल्टीमेटम के भीतर समाधान निकलता है या विवाद और गहराता है।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.

Comments are closed.