मध्य प्रदेश के भिंड जिले के कस्बा गौरमी में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का भव्य स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों और पुष्प वर्षा के साथ हजारों कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश सरकार के मंत्री राकेश शुक्ला भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के बाद प्रदेश अध्यक्ष गौरमी से मेहगांव होते हुए मंत्री राकेश शुक्ला के गृह निवास पहुंचे और वहां से जिला मुख्यालय के लिए रवाना हुए। पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक रहा और जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए।
हालांकि इस भव्य आयोजन के बीच भाजपा में गुटबाजी की चर्चा भी तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के जिला अध्यक्ष देवेंद्र नरवरिया और भिंड-दतिया लोकसभा सांसद संध्या राय को प्रचार-प्रसार और होर्डिंग्स से दूर रखा गया।
बताया जा रहा है कि स्वागत कार्यक्रम में बड़े-बड़े पोस्टर और बैनरों में कुछ चुनिंदा पदाधिकारियों को प्रमुखता दी गई, जबकि अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति और भूमिका नजरअंदाज की गई। इसको लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय स्तर पर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
स्थानीय राजनीतिक गलियारों में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां इसे भाजपा की आंतरिक गुटबाजी के रूप में देखा जा रहा है। अब देखने वाली बात होगी कि पार्टी नेतृत्व इस मुद्दे पर क्या रुख अपनाता है और क्या इस गुटबाजी पर कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने आती है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
