उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में एक बड़ा हादसा सामने आया है, जिसने एक बार फिर अवैध डग्गामारी और स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, आटा थाना क्षेत्र के आटा-इटौरा मार्ग पर तेज रफ्तार एक मारुति वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। इस वैन में डेढ़ दर्जन से ज्यादा स्कूली बच्चे सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए सभी बच्चों को वाहन से बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घायल बच्चों को कालपी में प्राथमिक इलाज दिया गया, जबकि 5 गंभीर रूप से घायल बच्चों को उरई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आया। डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे और डॉक्टरों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
इस हादसे के बाद एक बार फिर सवाल उठ रहा है कि आखिर अवैध रूप से चल रहे स्कूली वाहनों पर कब तक कार्रवाई होगी और बच्चों की सुरक्षा को लेकर जिम्मेदार अधिकारी कब सख्ती दिखाएंगे।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
