धार्मिक नगरी उज्जैन में स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में प्रातःकालीन भस्म आरती के दौरान प्रसिद्ध अभिनेता मिलिंद सोमन अपनी पत्नी के साथ दर्शन करने पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से भगवान महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। भस्म आरती के समय मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा और भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।
दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में मिलिंद सोमन ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि “खुशी सबसे बड़ी चीज़ है और यहां आकर बहुत-बहुत अच्छा लगा। हमने सोचा नहीं था कि इतना अच्छा अनुभव होगा।”
उन्होंने आगे कहा कि वे कई वर्षों से महाकाल मंदिर आने की इच्छा रखते थे, लेकिन यह यात्रा उनकी धर्मपत्नी की इच्छा से संभव हो पाई। उन्होंने कहा, “कहते हैं कि जब तक बुलावा नहीं होता, तब तक आना संभव नहीं होता… और सच में यहां आकर बहुत अच्छा लगा।”
गौरतलब है कि महाकाल मंदिर की भस्म आरती देश-विदेश में विशेष धार्मिक महत्व रखती है, जिसमें शामिल होने के लिए श्रद्धालु देर रात से ही कतार में लग जाते हैं।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
