मध्यप्रदेश के उज्जैन में नगर निगम ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक बड़ी और सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया है।

नगर निगम ने शहर में प्रतिबंधित पॉलीथिन, डिस्पोजल ग्लास और प्लास्टिक चम्मचों सहित लगभग 22 टन सामग्री को पूरी तरह नष्ट कर दिया है। यह कार्रवाई एमआर-5 स्थित ट्रांसफर स्टेशन पर रोड रोलर और ग्राइंडर मशीन की मदद से की गई।

नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान के तहत की गई है। पिछले कई वर्षों में शहर के विभिन्न हिस्सों से जब्त की गई प्रतिबंधित पॉलीथिन को निगम मुख्यालय, ग्रैंड होटल और मक्सी रोड स्थित डिपो में सुरक्षित रखा गया था।

निगम ने इस पूरी सामग्री के निस्तारण के लिए टेंडर प्रक्रिया अपनाई, जिसमें एक निविदादाता ने 23 रुपये प्रति किलो की दर से सामग्री खरीदने की पेशकश की। टेंडर स्वीकृत होने के बाद सभी स्थानों से एकत्रित सामग्री को नष्ट कर संबंधित एजेंसी को सुपुर्द किया गया।

इस प्रक्रिया से नगर निगम को लगभग 5 लाख रुपये से अधिक की आय हुई है, जबकि जब्त की गई इस सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 40 लाख रुपये बताया गया है।

नगर निगम ने शहर के व्यापारियों, दुकानदारों और नागरिकों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग न करें और स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को अपनाकर शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.

Comments are closed.

Secret Link