धमतरी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। करीब दो महीने से फरार चल रहे दुष्कर्म के आरोपी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला कुरूद थाना क्षेत्र का है, जहां 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
जानकारी के मुताबिक, 17 फरवरी 2026 को आरोपी ने एक वृद्ध महिला के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद कुरूद पुलिस ने अपराध क्रमांक 41/2026 के तहत बीएनएस की धारा 64 और 332(ख) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया, गवाहों के बयान दर्ज किए और घटना स्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
घटना के बाद आरोपी घर छोड़कर फरार हो गया था।
उसकी तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों, रिश्तेदारों और परिचितों से पूछताछ कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी रायपुर में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही कुरूद पुलिस की टीम ने रायपुर में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी का नाम सूर्या सिसोदिया, उम्र 26 वर्ष, निवासी झांकी थाना अभनपुर जिला रायपुर बताया जा रहा है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
धमतरी पुलिस ने साफ किया है कि महिला संबंधी अपराधों के मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी
PUBLICFIRSTNEWS.COM
