छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित बंगाली समाज के नववर्ष मिलन समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने समाज के सभी लोगों को बंगाली नववर्ष की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विकास में बंगाली समाज का सदैव महत्वपूर्ण योगदान रहा है। विशेष रूप से मत्स्य पालन और उन्नत कृषि के क्षेत्र में समाज ने छत्तीसगढ़ को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। साथ ही, स्वास्थ्य सेवाओं में भी समाज के लोगों का योगदान उल्लेखनीय रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पश्चिम बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भूमि महान विभूतियों की जन्मस्थली रही है। उन्होंने रवींद्रनाथ टैगोर, स्वामी विवेकानंद और बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय जैसे महापुरुषों को स्मरण किया।
उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानंद का रायपुर से विशेष संबंध रहा है और उनके निवास स्थल को सरकार द्वारा विरासत के रूप में संरक्षित किया जा रहा है। साथ ही, राजधानी का विमानतल भी उनके सम्मान में स्वामी विवेकानंद के नाम पर रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में बंगाली समाज की भूमिका आगे भी महत्वपूर्ण बनी रहेगी।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी बंगाली नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और बंगाल की समृद्ध परंपरा का उल्लेख किया। उन्होंने रामकृष्ण परमहंस, मेघनाद साहा, स्वामी विवेकानंद और श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसी महान विभूतियों का स्मरण करते हुए इस विरासत को सहेजने पर बल दिया।
कार्यक्रम में विधायक किरण सिंह देव सहित कई जनप्रतिनिधि और समाज के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह में श्री अखिलेश सोनी, श्री प्रबल प्रताप जूदेव, पूर्व न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी, श्री प्रवीण सेन और श्री विवेक वर्धन सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
