छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बसंतपुर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने IPL सट्टा रैकेट के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान सादिक खान के रूप में हुई है, जिसे महाराष्ट्र के नागपुर से पकड़ा गया। आरोपी पिछले करीब दो सालों से “सांई ऐप” के जरिए सट्टा आईडी और पासवर्ड बनाकर बेचने का काम कर रहा था।

जांच में सामने आया कि आरोपी एक आईडी के बदले 5 से 10 हजार रुपये तक वसूलता था। इतना ही नहीं, तकनीकी समस्याएं ठीक करने के नाम पर भी लोगों से अतिरिक्त पैसे लिए जाते थे।

इस मामले में पुलिस पहले ही 6 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। साथ ही करीब 5 लाख 50 हजार रुपये की सामग्री भी जब्त की गई थी। मुख्य आरोपी सादिक खान फरार चल रहा था, जिसे अब तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस तरह की अवैध गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.

Comments are closed.

Secret Link