उज्जैन | जिले के नागझिरी थाना क्षेत्र स्थित ग्राम करौंदिया में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां खदान में नहाने गए दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, करीब 9 दोस्त कोचिंग की छुट्टी मारकर खदान में नहाने पहुंचे थे। इनमें से 7 किशोर तो सुरक्षित बाहर आ गए, लेकिन 2 किशोर अचानक करीब 50 फीट गहरे पानी में चले गए और लापता हो गए।

घटना दोपहर 3 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है। देर शाम तक जब दोनों किशोरों का कोई पता नहीं चला, तो पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

रेस्क्यू ऑपरेशन में SDRF और होमगार्ड की टीमों को लगाया गया, जिन्होंने कई घंटों तक लगातार खदान में खोजबीन की। इस दौरान पानी के अंदर तलाश के लिए अंडरवाटर रेस्क्यू कैमरे का भी उपयोग किया गया।

करीब रात 10 बजे रेस्क्यू टीम ने एक किशोर का शव बाहर निकाल लिया, जिसकी पहचान 17 वर्षीय शुभम, निवासी उज्जैन के रूप में हुई। इसके बाद लंबे सर्च ऑपरेशन के बाद दूसरे किशोर 16 वर्षीय अनस खान, निवासी अशोकनगर का शव भी बरामद किया गया।

बताया जा रहा है कि शुभम अपने परिवार में बेहद दुलारा था और लंबे समय बाद जन्मा था, जिससे परिवार में शोक की लहर छा गई है।

इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खदान या गहरे जलाशयों में नहाने से बचें और सावधानी बरतें।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.

Comments are closed.

Secret Link