मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के परासिया क्षेत्र अंतर्गत मुजावर गांव में शादी के दौरान एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया। शादी समारोह के दौरान दुल्हन ने दूल्हे के बजाय अपने प्रेमी के गले में वरमाला डाल दी, जिसके बाद विवाह समारोह अचानक टूट गया और बारात को खाली हाथ लौटना पड़ा।

यह घटना 27 और 28 अप्रैल की दरमियानी रात की बताई जा रही है। मंगलवार को मामले की शिकायत उमरेठ थाने में दर्ज कराई गई, जबकि बुधवार को यह घटना सार्वजनिक चर्चा का विषय बन गई।

शादी के मंडप में अचानक बदला माहौल

जानकारी के अनुसार, परासिया से उमरेठ थाना क्षेत्र के मुजावर गांव बारात धूमधाम से पहुंची थी। बारात में आतिशबाजी और स्वागत के बाद भोजन की व्यवस्था भी शुरू हो चुकी थी। वरमाला की रस्म के लिए दूल्हा और दुल्हन मंच पर पहुंचे।

लेकिन इसी दौरान स्थिति अचानक बदल गई। दुल्हन ने सभी के सामने पंडाल में खड़े एक युवक के गले में वरमाला डाल दी और उसके साथ लिपट गई। यह दृश्य देखकर पूरे समारोह में सन्नाटा पसर गया।

घटना के बाद वधु पक्ष और वर पक्ष के बीच विवाद की स्थिति बन गई। बताया जाता है कि वधु पक्ष के लोगों ने उस युवक और दुल्हन से भी अभद्रता की। इसके बाद दूल्हे ने विवाह करने से साफ इंकार कर दिया और बारात वापस लौट गई।

बारात लौटने के बाद वर पक्ष ने उमरेठ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आर्थिक नुकसान और सामाजिक अपमान की बात कही गई है।

स्थानीय जानकारी के अनुसार, दुल्हन का उस युवक से लंबे समय से प्रेम संबंध था, जिसे वह परिवार के दबाव में छिपाकर शादी के लिए तैयार हुई थी। लेकिन शादी के दिन उसने सभी के सामने अपने प्रेमी को चुन लिया।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply