छिंदवाड़ा में लगातार गहराती पेयजल समस्या को लेकर गुरुवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने महापौर और निगम कमिश्नर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और घंटों तक निगम कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन जारी रखा।

भीषण गर्मी के बीच शहर के कई इलाकों में पानी की किल्लत से परेशान रहवासियों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। लोगों का आरोप है कि नगर निगम अधिकारियों को लगातार शिकायतें देने के बावजूद जल संकट का समाधान नहीं किया जा रहा है। कई क्षेत्रों में लोगों को एक बाल्टी पानी के लिए दूर-दूर तक भटकना पड़ रहा है।

मटका फोड़कर जताया विरोध

कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में मटके लेकर नगर निगम कार्यालय पहुंचे और जल संकट के विरोध में मटके फोड़कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान “महापौर मुर्दाबाद” और “निगम कमिश्नर मुर्दाबाद” के नारे लगाए गए।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर निगम का रवैया पूरी तरह गैर जिम्मेदाराना बना हुआ है और भीषण गर्मी में भी लोगों को पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा।

कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर शहर में जल समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की।

कांग्रेस नेता और निगम अध्यक्ष सोनू मांगो ने कहा कि शहर में पानी की भारी समस्या बनी हुई है और आम नागरिक परेशान हैं। उन्होंने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

गर्मी बढ़ी, जल संकट गहराया

अप्रैल और मई की तेज गर्मी के बीच छिंदवाड़ा में पेयजल संकट लगातार गंभीर होता जा रहा है। कई कॉलोनियों और मोहल्लों में नियमित जलापूर्ति प्रभावित होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी की समस्या को लेकर बार-बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply

Secret Link