राजनांदगांव में कानून-व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने गंज चौक इलाके में हंगामा और मारपीट की कोशिश करने वाले आदतन आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेण्डर किरों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में की गई।

पुलिस के अनुसार 27 मई 2026 को सूचना मिली थी कि अटल आवास वार्ड नंबर 06, ओपी चिखली निवासी सुधीर नायडु गंज चौक के पास राहगीरों और स्थानीय लोगों के साथ गाली-गलौच करते हुए उत्पात मचा रहा है और मारपीट करने का प्रयास कर रहा है।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी और अधिक आक्रामक हो गया तथा हिंसक व्यवहार करने लगा। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर धारा 126 और 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए कार्यपालिका मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी सुधीर नायडु के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें गाली-गलौच, धमकी, मारपीट और आर्म्स एक्ट से जुड़े प्रकरण शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी को आदतन अपराधी बताते हुए उसके खिलाफ लगातार निगरानी और कार्रवाई की बात कही है।

राजनांदगांव पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में शांति व्यवस्था भंग करने, आम नागरिकों में भय का माहौल बनाने और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उपेन्द्र शाह, सब इंस्पेक्टर संजीव मालेकर और थाना स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply

Secret Link