रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कई यात्रियों की जान चली गई, जबकि अनेक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उमरावगंज थाना क्षेत्र के सेहतगंज टोल प्लाजा के पास हुआ, जहां दो यात्री बसों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि रायसेन में दो बसों की दुर्घटना में कई यात्रियों की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने दिवंगतों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को सभी घायलों का नि:शुल्क और बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल को मौके पर भेजा मुख्यमंत्री ने राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने तथा पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राज्य सरकार ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सहायता राशि शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि वे ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करते हैं।फिलहाल प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुटा हुआ है और मृतकों व घायलों की संख्या संबंधी विस्तृत जानकारी एकत्र की जा रही है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM









