भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने Rewa Ultra Mega Solar Ltd. की 24 घंटे नवीकरणीय (Renewable) ऊर्जा परियोजना के लिए नई दिल्ली में आयोजित प्री-बिड मीटिंग में भोपाल से वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने निवेशकों से संवाद करते हुए प्रदेश में उपलब्ध निवेश अवसरों और उद्योग-अनुकूल वातावरण की जानकारी साझा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर परियोजना ने देश में सबसे कम सौर ऊर्जा टैरिफ स्थापित कर भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है। यह परियोजना स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में मध्यप्रदेश की अग्रणी भूमिका का प्रतीक है और देश के ऊर्जा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण मॉडल बन चुकी है।

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रदेश में निवेशकों को पारदर्शी नीतियां, त्वरित निर्णय प्रक्रिया, उत्कृष्ट अधोसंरचना और उद्योग-अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे निवेश और औद्योगिक विकास को नई गति मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने निवेशकों से मध्यप्रदेश में ऊर्जा और औद्योगिक क्षेत्र की संभावनाओं का लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य सरकार हर स्तर पर निवेशकों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि 24 घंटे नवीकरणीय ऊर्जा परियोजना से प्रदेश स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा और सतत विकास के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply