उज्जैन/बड़नगर: मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। बड़नगर तहसील के ग्राम गावड़ी लोधा में गुरुवार शाम तेज बारिश के बीच सहायक सचिव सूर्य प्रताप सिंह उफनती पुलिया पार करते समय अपनी मोटरसाइकिल समेत तेज बहाव में बह गए। घटना के करीब 13 घंटे बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस, स्थानीय ग्रामीण और एसडीआरएफ की टीम लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई है।

पुरानी पुलिया पर हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, सहायक सचिव सूर्य प्रताप सिंह अपने गांव के ही निवासी कृष्ण पाल सिंह के साथ बड़नगर से गावड़ी लोधा लौट रहे थे। गांव के पास स्थित पुरानी पुलिया पर बारिश का पानी ऊपर से बह रहा था। इसी दौरान दोनों वहां पहुंचे।

बताया जा रहा है कि पुलिया पार करने से पहले कृष्ण पाल सिंह बाइक से उतर गए, जबकि सूर्य प्रताप सिंह मोटरसाइकिल निकालने लगे। तभी तेज जलधारा ने उन्हें बाइक सहित अपनी चपेट में ले लिया और वे बह गए।

बचाने की कोशिश नाकाम, ग्रामीणों ने शुरू की तलाश

हादसे के बाद कृष्ण पाल सिंह ने उन्हें बचाने और तलाशने का भरसक प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद ग्रामीणों को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों ने भी काफी देर तक आसपास के इलाके में खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा।

पुलिस और SDRF की टीम मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही इंगोरिया थाना प्रभारी दीपेश व्यास पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन अंधेरा होने और पानी का बहाव तेज होने की वजह से शुरुआती प्रयास सफल नहीं हो सके। बाद में एसडीआरएफ टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जो लगातार तलाशी अभियान चला रही है।

शाम 7:30 बजे हुआ हादसा, शॉर्टकट बना वजह

थाना प्रभारी दीपेश व्यास के मुताबिक, यह हादसा गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे हुआ। उस समय पिछले करीब एक घंटे से लगातार तेज बारिश हो रही थी, जिसके कारण पुलिया पर पानी का बहाव काफी बढ़ गया था।

पुलिस के अनुसार, यह गांव का पुराना रास्ता है, जबकि वहां नया मार्ग पहले से उपलब्ध है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्टकट लेने की वजह से दोनों इसी पुराने रास्ते से निकले और हादसा हो गया।

50 मीटर दूर मिली बाइक, लेकिन सहायक सचिव का सुराग नहीं

पुलिस ने बताया कि सूर्य प्रताप सिंह की मोटरसाइकिल घटना स्थल से करीब 50 मीटर दूर बरामद कर ली गई है। हालांकि, अब तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस, स्थानीय ग्रामीण और एसडीआरएफ की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।

बारिश के मौसम में उफनते नदी-नाले, पुलिया और रपटों को पार करना जानलेवा साबित हो सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज बहाव वाले रास्तों और पुलियों को पार करने का जोखिम न लें और सुरक्षित वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करें।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply