986 करोड़ की मेगा परियोजना से बनेगा MP नया स्पोर्ट्स हब
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल अब देश के प्रमुख खेल केंद्रों में अपनी पहचान बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। नाथू बरखेड़ा में लगभग 985.76 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहा अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स प्रदेश की अब तक की सबसे बड़ी और सबसे महत्वाकांक्षी खेल अधोसंरचना परियोजनाओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस विश्वस्तरीय परियोजना के पूरा होने के बाद भोपाल अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी करेगा और मध्यप्रदेश देश के प्रमुख स्पोर्ट्स हब के रूप में स्थापित होगा।
तीन चरणों में हो रहा निर्माण
करीब 136.296 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहे इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण तीन चरणों में किया जा रहा है। पहले चरण का निर्माण कार्य पूरी तरह पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे चरण का कार्य नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। तीसरे चरण में क्रिकेट स्टेडियम और साइक्लिंग वेलोड्रोम का निर्माण प्रस्तावित है।
विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं
पहले चरण में आधुनिक हॉकी स्टेडियम, सिंथेटिक हॉकी टर्फ और एथलेटिक्स ट्रैक का निर्माण किया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इसी वर्ष अक्टूबर-नवंबर में यहां एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी।
इसके अलावा अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप 10 हजार दर्शकों की क्षमता वाला एथलेटिक्स स्टेडियम तैयार किया जा रहा है, जिसके मध्य में फुटबॉल स्टेडियम भी विकसित होगा। परिसर में दो आधुनिक कन्वेंशन सेंटर भी बनाए जा रहे हैं।
दूसरे और तीसरे चरण में क्या होगा
दूसरे चरण में इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, ऑल वेदर स्विमिंग कॉम्प्लेक्स, 300 खिलाड़ियों की क्षमता वाला हॉस्टल और घुड़सवारी क्रॉस कंट्री ट्रैक बनाया जा रहा है। वहीं तीसरे चरण में क्रिकेट स्टेडियम और साइक्लिंग वेलोड्रोम जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं जोड़ी जाएंगी।
985.76 करोड़ की स्वीकृति
परियोजना के पहले चरण के लिए 357.96 करोड़ रुपये और दूसरे चरण के लिए 627.80 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी जा चुकी है। इस प्रकार अब तक कुल 985.76 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना न केवल खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराएगी, बल्कि भोपाल और मध्यप्रदेश को अंतर्राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान भी दिलाएगी।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
