भोपाल। स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी भोपाल में 14 अगस्त को विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल शामिल होंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं और बड़ी संख्या में नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।

कोलार से बैरागढ़ तक निकलेगी यात्रा

विशाल तिरंगा यात्रा हुजूर विधानसभा के मुखर्जी नगर, कोलार से शुरू होकर संत हिरदाराम नगर और बैरागढ़ तक जाएगी। आयोजकों के अनुसार, यात्रा में लाखों नागरिकों के शामिल होने की उम्मीद है। यात्रा के दौरान देशभक्ति के गीतों, तिरंगे और राष्ट्रभक्ति के संदेश के साथ राजधानी में भव्य माहौल देखने को मिलेगा।

विधायक रामेश्वर शर्मा ने लिया तैयारियों का जायजा

यात्रा की तैयारियों को लेकर विधायक रामेश्वर शर्मा ने कलेक्टर भोपाल प्रियंक मिश्रा और पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के साथ यात्रा के प्रारंभ स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान मदर टेरेसा स्कूल के सामने बनने वाले मंच, यात्रा में शामिल होने वाले नागरिकों की सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

बारिश की संभावना को देखते हुए अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल और यात्रा मार्ग पर समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा, यातायात और नागरिकों की सुविधा को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

हर साल आयोजित होती है विशाल तिरंगा यात्रा

कर्मश्री के तत्वावधान में विधायक रामेश्वर शर्मा द्वारा अखंड भारत स्मृति दिवस के अवसर पर प्रतिवर्ष विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाता है। यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के संदेश के अनुरूप आयोजित की जाती है।

यात्रा मार्ग में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों द्वारा मंचों के माध्यम से यात्रियों का स्वागत और अभिनंदन किया जाता है। पिछले वर्षों की तरह इस बार भी यात्रा को भव्य स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है।

ऐतिहासिक होने का दावा

विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि इस वर्ष की तिरंगा यात्रा इतनी विशाल होगी कि देशभर में इसकी चर्चा होगी। उन्होंने बताया कि नागरिकों ने बड़ी संख्या में यात्रा के लिए पंजीयन कराया है। नागरिकों के उत्साह को देखते हुए आयोजकों का दावा है कि इस बार यात्रा नया कीर्तिमान स्थापित कर सकती है।

14 अगस्त को भोपाल में निकलने वाली यह तिरंगा यात्रा स्वतंत्रता दिवस से पहले राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का बड़ा संदेश देने की तैयारी में है।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply

Secret Link