HIGHLIGHTS FIRST :

  • किसानों को मिठास की सौगात!
  • ₹30 किलो में शक्कर वितरण शुरू
  • 28 हजार किसानों को बड़ा लाभ
  • भोरमदेव कारखाने का डबल रिकॉर्ड!

भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना लगातार दो वर्षों तक देश में सर्वाधिक शुगर रिकवरी के लिए सम्मानित

भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना, कवर्धा में 28 हजार शेयरधारी गन्ना किसानों को रियायती दर पर शक्कर वितरण का शुभारंभ किया गया। उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने किसानों को 30 रुपये प्रति किलो की दर से 50 किलो शक्कर उपलब्ध कराने की व्यवस्था का शुभारंभ किया।

यह लगातार तीसरा वर्ष है, जब कारखाने से जुड़े किसानों को रियायती दर पर शक्कर उपलब्ध कराई जा रही है। कार्यक्रम में कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री श्री रामविचार नेताम भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

लगातार दो साल देश में नंबर-1 रिकवरी

भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना को वर्ष 2024-25 और 2025-26 में देश में सर्वाधिक शुगर रिकवरी हासिल करने के लिए नेशनल को-ऑपरेटिव शुगर फेडरेशन, नई दिल्ली की ओर से एफिशिएंसी अवार्ड मिला है।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इस उपलब्धि का श्रेय किसानों की मेहनत, गुणवत्तापूर्ण गन्ने, कारखाना प्रबंधन की कार्यक्षमता और सहकारिता की भावना को दिया।

28 हजार किसानों को रियायती शक्कर

श्री शर्मा ने बताया कि इस वर्ष 4,686 नए किसानों को शेयरधारी बनाया गया है। इसके बाद लगभग 28 हजार शेयरधारी किसानों को 30 रुपये प्रति किलो की दर से 50 किलो शक्कर उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि भोरमदेव कारखाना किसानों का अपना कारखाना है और इसकी मजबूती किसानों की सहभागिता से ही संभव है।

गन्ना पेराई का लक्ष्य बढ़ा

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष कारखाने में 2.55 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई हुई थी। इस वर्ष इसे बढ़ाकर 4 लाख मीट्रिक टन करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही 10 हजार किसानों से गन्ना अनुबंध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में कारखाने से अनुबंध करने और गन्ना उपलब्ध कराने की अपील की।

किसानों की सुविधा के लिए डोम निर्माण की घोषणा

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना परिसर में डोम निर्माण की घोषणा भी की।

उन्होंने कहा कि सहकारी व्यवस्था में होने वाला लाभ सदस्यों तक पहुंचता है और किसानों के हित में कारखाने को और मजबूत किया जाना जरूरी है।

त्योहारों के बीच किसानों के घर पहुंचेगी मिठास

मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि त्योहारों के अवसर पर किसानों को रियायती दर पर शक्कर उपलब्ध होना खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि बेहतर गन्ना उत्पादन और शुगर रिकवरी किसानों की मेहनत का परिणाम है।

सरकार का प्रयास गन्ना उत्पादक किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उत्पादन बढ़ाने का है। उन्होंने किसानों के हित में बोनस बढ़ाने के लिए भी प्रयास करने की बात कही।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply