उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद के तिलोई क्षेत्र में निर्माणाधीन 300 बेड का मेडिकल कॉलेज अब अपने पूर्णता की ओर है। यह बहुप्रतीक्षित परियोजना न केवल क्षेत्र के युवाओं को चिकित्सा क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता की शिक्षा उपलब्ध कराएगी, बल्कि अमेठी और आस-पास के जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी कमी को भी दूर करेगी।
राज्य के चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने विधानसभा स्थित कार्यालय में उच्चस्तरीय बैठक कर परियोजना की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव प्रकाश बिंदु, और संबंधित निर्माण एजेंसियों व विभागों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
मंत्री श्री सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि 20 अगस्त 2025 तक मेडिकल कॉलेज का संपूर्ण निर्माण कार्य, अधोसंरचना विकास, हॉस्टल और अकादमिक व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी कर ली जाएं। उन्होंने सख्त लहज़े में कहा कि गुणवत्ता या समयसीमा से किसी भी प्रकार का समझौता बिल्कुल स्वीकार नहीं किया जाएगा।
मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा:
“यह सिर्फ एक स्वास्थ्य संस्थान नहीं, बल्कि अमेठी के विकास की आधारशिला है। यह संस्थान आने वाले वर्षों में क्षेत्र को डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी और बेहतर चिकित्सा सेवाएं प्रदान करेगा।”
इसी सत्र से शुरू होंगी शैक्षणिक गतिविधियाँ
निर्माण कार्य लगभग पूरा होने की स्थिति में है और वर्ष 2025-26 के शैक्षणिक सत्र से कक्षाएं शुरू होने की संभावना है। प्रवेश प्रक्रिया, फैकल्टी नियुक्तियाँ और कक्षाएं शुरू करने की अन्य प्रशासनिक तैयारियाँ भी तेज़ी से चल रही हैं।
यह मेडिकल कॉलेज राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) के निर्धारित मानदंडों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है और इसमें प्रथम चरण में एमबीबीएस पाठ्यक्रम की शुरूआत होगी।
क्षेत्रीय विकास में मील का पत्थर
अमेठी क्षेत्र के निवासियों को अब इलाज के लिए लखनऊ, रायबरेली या अन्य महानगरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। इस कॉलेज में परामर्श, आपात सेवा, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता, और आधुनिक लैब सुविधाएं होंगी। इसके साथ ही यहां से निकलने वाले डॉक्टर भविष्य में ग्रामीण जनता के स्वास्थ्य सुधार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह की निजी निगरानी और लगातार निरीक्षण के चलते यह परियोजना समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ रही है और क्षेत्रीय जनता इसका प्रत्यक्ष लाभ जल्द सुनिश्चत रूप से प्राप्त करेगी। यह कॉलेज अमेठी को एक चिकित्सा शिक्षा केंद्र के रूप में स्थापित करेगा और स्वास्थ्य सेवा एवं शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
