मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार ने अपने 2 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने सरकार के कामकाज को “बेमिसाल” बताते हुए कहा कि इन दो वर्षों में मध्यप्रदेश ने विकास, निवेश, कल्याण और सुशासन के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “डबल इंजन सरकार” के मॉडल को जमीन पर उतारते हुए प्रदेश को प्रगति के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ाया है।
मंत्री सारंग ने कहा कि मोहन सरकार के ये दो वर्ष प्रदेश के समग्र विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा किए हैं, उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण बनाया है और गरीब एवं सर्वहारा वर्ग के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं सफलतापूर्वक लागू की हैं।
उन्होंने कहा, “मध्यप्रदेश देश के विकास में बड़ी भूमिका निभाता है। प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प में हम पूरे समर्पण से योगदान देने के लिए तैयार हैं। यह दो वर्ष विकास और विश्वास के प्रतीक रहे हैं।’’
सारंग ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को उनके “सफल” दो वर्ष पूरे होने पर बधाई भी दी और कहा कि आने वाले समय में प्रदेश और भी नई ऊँचाइयाँ छुएगा।
मोहन सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर कांग्रेस ने सवाल उठाए थे, जिन पर मंत्री विश्वास सारंग ने सख्त प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कांग्रेस पर “नकारात्मक राजनीति” का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष तथ्यों और आंकड़ों के बिना केवल सनसनी फैलाने का काम करता है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
