पब्लिक फर्स्ट । उज्जैन । अमृत बैंडवाल।
श्रावण माह की भगवान श्री महाकालेश्वर की अंतिम सवारी के दौरान उज्जैन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 52 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर श्रद्धालुओं की जेब काटने, चेन और मोबाइल चुराने जैसी घटनाओं में लिप्त थे।
इनमें पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। सभी भीड़ में घुल-मिलकर वारदात को अंजाम देते थे और चुपचाप निकल जाते थे। पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा के निर्देश पर साइबर और क्राइम ब्रांच की टीम ने सादी वर्दी में मौजूद रहकर इन पर नजर रखी और एक-एक कर दबोच लिया।
पुलिस ने अब तक श्रद्धालुओं से चोरी हुए 15 से 20 मोबाइल फोन प्रतिदिन रिकवर कर वापस लौटाए हैं। पकड़े गए बच्चों को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है ताकि उन्हें सुधार के अवसर मिल सकें।
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि प्रत्येक सोमवारी सवारी के साथ संदिग्धों की संख्या में गिरावट दर्ज की गई है, जो पुलिस की कड़ी निगरानी का परिणाम है। महाकाल मंदिर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त पहल से भक्तों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।
