उज्जैन: मकर संक्रांति के त्योहार के दौरान पतंगबाजी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए माधव नगर पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाया है। पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा के निर्देश पर थाना प्रभारी राकेश भारती के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार गश्त कर रही है।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी व्यक्ति खतरनाक चाइना डोर का उपयोग न करे। टीम ने पतंग की दुकानों, छतों, मैदानों और खुले स्थानों पर जाकर लोगों और बच्चों के पतंग के धागों की जांच की। मौके पर ही बच्चों और युवाओं को समझाइश दी गई कि कैसे पतंगबाजी सुरक्षित और मजेदार बनाई जा सकती है, और खतरनाक चाइना डोर से जीवन को खतरा हो सकता है।

पुलिसकर्मियों ने बच्चों के साथ मिलकर पतंग उड़ाई और उन्हें सिखाया कि त्योहार की खुशियों का मजा सुरक्षित तरीके से ही लिया जा सकता है। साथ ही, लोगों से शपथ दिलवाई गई कि वे कभी भी चाइना डोर का इस्तेमाल नहीं करेंगे।

इसके अलावा, उज्जैन के प्रमुख चौराहों और पतंगबाजी वाले इलाकों में माइक से लगातार सावधानी के संदेश दिए जा रहे हैं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति चाइना डोर का उपयोग करता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ा दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की इस सक्रिय और सख्त मुहिम से यह संदेश साफ तौर पर दिया गया है कि त्योहार की खुशियों में किसी की जान से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

माधव नगर पुलिस का यह अभियान न केवल लोगों को सुरक्षित पतंगबाजी की ओर प्रेरित कर रहा है, बल्कि बच्चों और युवाओं को सुरक्षा और जिम्मेदारी का पाठ भी सिखा रहा है।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply