भारतीय जनता पार्टी नगर द्वारा केंद्रीय बजट 2026 को लेकर एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उज्जैन जिले के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 युवाओं, किसानों, करदाताओं और विशेष रूप से बहनों के सशक्तिकरण को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

प्रभारी मंत्री ने बताया कि बजट में हर जिला मुख्यालय पर बड़े छात्रावासों के निर्माण की योजना शामिल है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर आवास सुविधा उपलब्ध होगी। वहीं स्वास्थ्य क्षेत्र में 17 प्रकार की गंभीर बीमारियों की दवाएं सुलभ कराने का प्रावधान किया गया है। कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए भी विशेष व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी।

गौतम टेटवाल ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और इलेक्ट्रॉनिक सेक्टर में मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा, जिससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने इसे पूरी तरह रोजगार उन्मुख बजट बताया।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस बजट में समाज के हर वर्ग की जरूरतों का ध्यान रखा गया है। बजट में रेल कॉरिडोर, केरल, पूर्वांचल सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों के विकास को भी प्राथमिकता दी गई है।

उज्जैन के विकास को लेकर प्रभारी मंत्री ने कहा कि मक्सी रेलवे स्टेशन सहित कई रेलवे स्टेशनों का विकास किया जाएगा और उज्जैन में लगभग 40 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रस्तावित हैं। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ 2028 को लेकर सरकार पूरी तरह तैयार है और श्रद्धालुओं के लिए शिप्रा शुद्धिकरण, सड़क, दर्शन और प्रसाद की बेहतर व्यवस्थाएं की जाएंगी, ताकि बाबा महाकाल के दर्शन सुगमता से हो सकें।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा धार्मिक कार्यों के लिए 5000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा उज्जैन और सिंहस्थ के विकास को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि उज्जैन में आयुर्वेद और मेडिकल कॉलेज, आईटी पार्क, उद्योग, होटल और पेइंग गेस्ट सुविधाएं तेजी से विकसित हो रही हैं। इससे ठेला लगाने वाले मजदूर से लेकर बड़े उद्योगपति तक सभी को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह बजट उज्जैन के समग्र और सतत विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply