जालौन जिले के कोंच नगर पालिका क्षेत्र में अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। नगर पालिका कोंच की अधिशासी अधिकारी मोनिका उमराव के नेतृत्व में गांधीनगर इलाके में सार्वजनिक भूमि पर किए गए अवैध निर्माण और अतिक्रमण को हटाने के लिए बुल्डोजर चलाया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
नगर पालिका प्रशासन के अनुसार, अतिक्रमणकारियों को पहले ही नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा के भीतर कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए थे। बावजूद इसके, तय समय तक अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर प्रशासन को सख्त कदम उठाने पड़े। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल मौके पर तैनात रहा।
अधिशासी अधिकारी मोनिका उमराव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नगर क्षेत्र में सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नगर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
वहीं, स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका की इस कार्रवाई की सराहना की है। लोगों का कहना है कि अवैध कब्जों के कारण लंबे समय से आवागमन और साफ-सफाई की समस्या बनी हुई थी, जिससे अब राहत मिलने की उम्मीद है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
