प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कृषक कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत बड़वानी जिले में आयोजित होने वाली कैबिनेट बैठक से पूर्व अपने मंत्रीमंडल के साथ ग्राम नागलवाड़ी स्थित भिलट देव मंदिर में दर्शन एवं विधिवत पूजन-अर्चन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भिलट देव के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की तथा कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीब, किसान, महिला और युवाओं के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भिलट देव निमाड़ अंचल के आराध्य लोक देवता हैं और उनके दर्शन के साथ कैबिनेट बैठक की शुरुआत करना प्रदेश के लिए शुभ संकेत है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट किया कि कैबिनेट बैठक में लिए जाने वाले सभी निर्णय प्रदेशवासियों और किसानों के हित में होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निमाड़वासी सौभाग्यशाली हैं क्योंकि उन्हें मां नर्मदा का पावन आंचल प्राप्त हुआ है, जिसकी कृपा से यह क्षेत्र कृषि की दृष्टि से समृद्ध हो रहा है।
उन्होंने बताया कि मां नर्मदा के जल से सिंचाई कर निमाड़ क्षेत्र के किसान कृषि एवं उद्यानिकी की एक से अधिक फसलें लेकर आर्थिक रूप से उन्नति कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सूक्ष्म उन्नयन एवं सिंचाई परियोजनाओं के माध्यम से मां नर्मदा का जल बड़वानी जिले सहित पूरे निमाड़ क्षेत्र में किसानों तक पहुँचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि किसानों की आर्थिक उन्नति से ही प्रदेश की प्रगति संभव है, इसी उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 को “कृषक कल्याण वर्ष” के रूप में घोषित किया है।
मुख्यमंत्री ने किसानों से अपील की कि वे रासायनिक खेती के स्थान पर प्राकृतिक खेती को अपनाएं, जिससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ेगी और दीर्घकाल में उत्पादन क्षमता में भी वृद्धि होगी।
मंदिर परिसर का अवलोकन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सतपुड़ा की सुरम्य वादियों में स्थित नागलवाड़ी का भिलट देव मंदिर अत्यंत रमणीय, शांत और सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण स्थल है।
मुख्यमंत्री ने मंदिर के जीर्णोद्धार में निमाड़ के संत श्री सियाराम बाबा के अमूल्य योगदान को भी स्मरण किया और उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने मंत्रीगणों के साथ नागलवाड़ी स्थित भिलट देव मंदिर परिसर में स्मृति स्वरूप सामूहिक फोटो भी खिंचवाया।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
