उज्जैन से एक बेहद सनसनीखेज और संवेदनशील मामला सामने आया है, जिसने धार्मिक जगत और शहर में हलचल मचा दी है। प्रसिद्ध चारधाम मंदिर से जुड़े महामंडलेश्वर को कथित तौर पर हनीट्रैप में फंसाकर झूठे आरोपों में ब्लैकमेल करने की साजिश का खुलासा हुआ है।

इस पूरे मामले में अब एक बड़ा मोड़ आ गया है। जिस महिला को कथित तौर पर इस साजिश के लिए उज्जैन बुलाया गया था, पुलिस ने अब उसी महिला को फरियादी बना लिया है। महिला ने अपने बयान में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
महिला का आरोप है कि साजिश रचने वाली पूर्व महामंडलेश्वर साध्वी मंदाकिनी ने उसका नहाते समय वीडियो बना लिया था। बाद में उन वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल किया गया और एक संत को झूठे मामले में फंसाने की योजना में शामिल होने के लिए दबाव बनाया गया।

महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि जब उसने इस साजिश में शामिल होने से इनकार किया, तो उसे 50 हजार रुपये का लालच भी दिया गया। इसके बाद उसे घनश्याम पटेल नाम के व्यक्ति से मिलवाया गया और पूरे प्लान के बारे में बताया गया कि किस तरह से संत को हनीट्रैप में फंसाकर उन पर गंभीर आरोप लगाए जाएंगे।

फिलहाल पुलिस ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए साध्वी मंदाकिनी और घनश्याम पटेल के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस मामले में आरोपी घनश्याम पटेल ने उज्जैन कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन भी दिया था, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया है।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply