उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने वाला एक और संदेश सामने आया है।
महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर उत्तराखंड के प्रसिद्ध वसंत पर्व फूलदेई की सराहना की है।
उन्होंने लिखा कि फूलदेई बच्चों और प्रकृति से जुड़ी एक अनोखी परंपरा है।
इस दौरान बच्चे जंगल और पहाड़ों से ताजे फूल लाकर घर-घर की दहलीज पर सजाते हैं और समृद्धि व खुशहाली की कामना करते हैं।
महिंद्रा ने इसे अमेरिका के हैलोवीन की ‘Trick or Treat’ पर भी तुलना की, लेकिन बताया कि फूलदेई में बच्चे पहले देते हैं और प्यार पाते हैं, यही इसकी खासियत है।
महिंद्रा ने इस परंपरा को व्यापक रूप से दुनिया तक पहुँचाने की बात कही और बच्चों द्वारा प्रदर्शित देने की भावना और प्रकृति के प्रति सम्मान को एक बड़ी प्रेरणा बताया।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस पोस्ट की सराहना की और इसे हमारी संस्कृति के समृद्ध संदेश का प्रतीक बताया।
फूलदेई पर्व उत्तराखंड के कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्र का पारंपरिक वसंत उत्सव है, जो चैत्र महीने की पहली तिथि को मनाया जाता है।
फूलदेई पर्व हमें यह याद दिलाता है कि हमारी लोक परंपराएं सिर्फ सांस्कृतिक प्रतीक नहीं, बल्कि प्रकृति, सादगी और देने की भावना का संदेश भी देती हैं। आनंद महिंद्रा का यह पोस्ट इस पर्व को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में मदद कर रहा है।
उत्तराखंड की यह समृद्ध संस्कृति हमें अपनी जड़ों, परंपराओं और बच्चों के माध्यम से प्रकृति से जुड़ाव की सीख देती है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
