मध्यप्रदेश के बड़वानी में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई।
सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरे न्यायालय परिसर को खाली करा लिया। न्यायालय के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
न्यायालय के आसपास स्थित दुकानों और एडवोकेट चैंबरों को भी एहतियातन बंद करा दिया गया है। इसके साथ ही कोर्ट परिसर के चारों ओर आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है।
मौके पर एसपी पद्मविलोचन शुक्ल, एडिशनल एसपी धीरज बब्बर, एडीएम सोहन कनास और थाना प्रभारी बलजीत बिसेन पुलिस बल के साथ तैनात हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
खरगौन से बम स्क्वॉड को मौके के लिए रवाना किया गया है, जो पूरे परिसर की सघन जांच करेगा।
बताया जा रहा है कि यह धमकी ईमेल के जरिए दी गई है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि धमकी वास्तविक है या अफवाह। बम स्क्वॉड की जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
गौरतलब है कि बड़वानी थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय में इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की जा रही है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
