उज्जैन-गरोठ नेशनल हाईवे पर शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। एक मिनी बस और ट्रैक्टर की टक्कर में 21 वर्षीय विजय सोलंकी की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली से महाकाल दर्शन के लिए आ रही मिनी बस (DL-01-VC-5919) ने तुलाहेड़ा टोल प्लाजा के पास ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर पलट गया और विजय सोलंकी उसके नीचे दब गया।
करीब एक घंटे तक फंसे रहने के कारण विजय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी राजेश शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया।
गुस्साए ग्रामीणों का हंगामा
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बस पर पथराव कर दिया और उसे आग के हवाले कर दिया। आग लगने से बस और यात्रियों का सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए और उन्हें अन्य वाहनों से उज्जैन भेजा गया।
विजय की मौत से नाराज ग्रामीणों ने हाईवे पर चक्काजाम कर दिया और टोल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाने की कोशिश की।
घायलों का इलाज जारी
हादसे में घायल लोगों में बस चालक शिवकुमार और यात्री बॉबी व धर्मेंद्र कुमार शामिल हैं। सभी को उज्जैन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दो गंभीर घायलों को निजी अस्पताल के आईसीयू में रेफर किया गया है।
टोल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि टोल प्रबंधन की लापरवाही के कारण राहत कार्य में देरी हुई, जिससे विजय की जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना के बाद भारी पुलिस बल तैनात कर हालात को नियंत्रित किया गया है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
