छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से सटे ग्राम नंदनमारा में तेंदुओं के एक जोड़े की एंट्री से इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना कांकेर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र की है, जहाँ देर शाम तेंदुओं को नेशनल हाईवे के पास देखा गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेंदुओं का यह जोड़ा भोजन की तलाश में गांव की ओर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि मुर्गे और मछली के अपशिष्ट के कारण ये वन्यजीव आबादी वाले क्षेत्र तक आ गए।

इस दौरान हाईवे से गुजर रहे राहगीरों ने तेंदुओं को देखकर वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में तेंदुओं का जोड़ा सड़क किनारे नजर आ रहा है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग को इसकी सूचना दे दी है। वन विभाग की टीम सतर्क हो गई है और इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.

Comments are closed.