उज्जैन के चिमनगंज थाना क्षेत्र में देर रात गोली चलने की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ढांचा बंद क्षेत्र में हुई इस वारदात में अतीक माहुरकार नामक युवक के पैर में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अतीक माहुरकार का संबंध रौनक गुर्जर गैंग से बताया जा रहा है। घायल युवक ने शुरुआती बयान में जीतू बुंदेला गैंग के सदस्य पर गोली चलाने का आरोप लगाया है, जिससे गैंगवार की आशंका भी जताई जा रही है।
हालांकि पुलिस इस पूरे मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार गोली के एंट्री और एग्जिट पॉइंट सामान्य फायरिंग के पैटर्न से मेल नहीं खा रहे हैं। गोली का एंट्री पॉइंट शरीर के ऊपरी हिस्से में और एग्जिट पॉइंट नीचे की दिशा में पाया गया है, जिससे यह मामला एक्सीडेंटल फायरिंग या किसी को फंसाने की साजिश भी हो सकता है।
घटना के बाद घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस ने किसी भी आरोपी को हिरासत में नहीं लिया है और हर एंगल से मामले की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा कि यह गैंगवार का हिस्सा था या फिर कोई सुनियोजित साजिश।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
