मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को सीहोर जिले के आष्टा में नवनिर्मित सांदीपनि विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। करीब 61 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह अत्याधुनिक विद्यालय प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। प्रथम चरण में विद्यालय का निर्माण 15 एकड़ क्षेत्र में किया गया है।

लोकार्पण अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त ऐसे विद्यालय बेहद आवश्यक हैं और यह संस्थान ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर अवसर प्रदान करेंगे।

यह विद्यालय अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है, जिसमें सुसज्जित लाइब्रेरी, कंप्यूटर लैब के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के तहत रेन वॉटर हार्वेस्टिंग और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की व्यवस्था भी की गई है।

वर्तमान में विद्यालय में करीब 3800 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, जहां केजी-1 से लेकर कक्षा 12वीं तक शिक्षा उपलब्ध है। साथ ही विद्यार्थियों के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए यहां आर्ट्स, साइंस, कॉमर्स और कृषि संकाय संचालित किए जा रहे हैं।

विद्यालय में 160 शिक्षकों की नियुक्ति की गई है और कुल 90 कक्षों का निर्माण किया गया है। छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए परिसर में खेल मैदान और बॉटनिकल गार्डन भी विकसित किया गया है।

इसके अलावा परिवहन सुविधा के तहत 16 बसें संचालित की जा रही हैं, जो आसपास के लगभग 100 गांवों से विद्यार्थियों को निःशुल्क विद्यालय तक लाती हैं, जिससे ग्रामीण छात्रों को बड़ी सुविधा मिल रही है।

यह पहल प्रदेश में आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है, जिससे आने वाले समय में शिक्षा के स्तर में और सुधार होने की उम्मीद है।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.

Comments are closed.

Secret Link