उज्जैन जिले के महिदपुर रोड कस्बे में अंबेडकर जयंती के अवसर पर निकाले जा रहे जुलूस के दौरान मारपीट की घटना सामने आई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव जैसी स्थिति बनी रही।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर जुलूस निकाला जा रहा था। इसी दौरान गोविंद दास नाम का एक युवक कथित रूप से नशे की हालत में जुलूस में पहुंचा और यात्रा में बाधा डालने की कोशिश करने लगा। इस बात को लेकर विवाद बढ़ गया और जुलूस में शामिल लोगों ने उसकी पिटाई कर दी।
इस घटना का वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को भीड़ से छुड़ाकर थाने पहुंचाया।
पुलिस ने इस मामले में पहले जुलूस में व्यवधान डालने वाले युवक गोविंद दास के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। साथ ही पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट करने वाले अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
